भांवरकोल। थाना क्षेत्र सलारपुर-लोहारपुर गांव के बीच शुक्रवार की देर रात बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक बैंक मित्र को मारपीट कर बाइक की डिक्की से एक लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। बदमाशों के भय के कारण बैंक मित्र ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी और न ही दूसरे दिन तक थाने में तहरीर दी गई थी। इलाके के लोहारपुर गांव निवासी विरेंद्र राय बैंक मित्र हैं। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह भी वह बाइक लेकर घर से निकले थे। ग्राहकों से पैसे की वसूली कर एक लाख 40 हजार रुपये बाइक के डिक्की में रखकर घर लौट रहे थे। रात करीब दस बजे सलारपुर-लोहारपुर गांव के बीच बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर विरेंद्र की बाइक को रोक लिया। उसके रुकते ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने डंडे से विरेंद्र से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बाइक से नीचे गिर गया। शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखे एक लाख 40 हजार रुपये निकलकर फरार हो गए। जाते समय बदमाशों ने शोर न मचाने तथा पुलिस को सूचना न देने की धमकी दी। घटना से डरे- सहमे पीड़ित ने घर पहुंचकर और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ऐसी किसी घटना की किसी तरफ से सूचना अथवा तहरीर नहीं दी गई है। यदि मिली तो मामले की छानबीन की जाएगी। क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल शर्मा ने बताया कि यदि ऐसी बात है, तो थानाध्यक्ष को निर्देशित कर मामले की छानबीन शुरू कराई जाएगी।