गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गई। घटना में दो दुधारू पशु गंभीर रूप से झुलस गए। जबकि बुधवार को शार्ट-सर्किट से निकली चिंगारी से तीन बीघे गेहूं की फसल भी राख में तब्दील हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
सुहवल संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव में मंगलवार की रात पूर्व सैनिक विद्यानिवास पांडेय उर्फ मुन्ना पांडेय की तीन झोपडियों में रहस्यमय ढंग से आग लग गई। आग की घटना में झोपड़ी में बंधे दो दुधारू पशु गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि आग की घटना में गृहस्थी का सामान और जानवरों के खाने का चारा जलकर राख हो गया। सुबह घटना की जानकारी पर पहुंचे क्षेत्रीय राजस्व कर्मी सुशील एवं राजस्व निरीक्षक शेषमणि मौके पर पहुंच गए और घटना में हुई क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दे दी। नंदगंज संवाददाता के अनुसार, करंडा थाना क्षेत्र के चाड़ीपुर गांव में विद्युत तार के आपस में टकराने से तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की घटना में चाड़ीपुर निवासी अमला राय, अंगद राय और राजेंद्र राय गेहूं की फसल भी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया।
बारा संवाददाता के अनुसार, गहमर थाना क्षेत्र के बारा स्टेशन रोड स्थित इश्तियाक खां के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में विद्युत शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे दो बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मरदह संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र कंसहरी भवानीपुर गांव निवासी सुरेश सिंह के खेत में खड़ी गेहूं की फसल पर विद्युत तार टूट कर गिर गया। इसके कारण खेत में खड़ी करीब डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पास में किसान महातिम सिंह की एक बीघा गेहूूं की फसल जल कर राख हो गई है। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी होने के बाद पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने जली हुई फसल का मूल्यांकन करके रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी।