जमानिया। क्षेत्र के सब्बलपुर खुर्द गांव निवासी अवधबिहारी उपाध्याय ने बीते दिनों रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी को प्रार्थना पत्र दिया था। उनके आदेश पर वाराणसी के सारनाथ एवं जमानिया थाने में नौकरी के नाम पर 92 लाख 80 हजार रुपये ठगी के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शिकायतकर्ता अवधबिहारी उपाध्याय ने वाराणसी के सारनाथ थाना में एक और जमानिया कोतवाली में चार लगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दी गई तहरीर में उसने आरोप लगाया है कि हजौली गांव, थाना गढ़वाल जनपद बलिया निवासी मनीभूषण पांडेय पुत्र ओमप्रकाश पांडेय सहित मनीभूषण की पत्नी अर्चना पांडेय, भाई अनूप पांडेय, मनोज पांडेय, भाष्कर पांडेय ने गुमराह कर एमईएस सेना में भर्ती के लिए 92 लाख 80 हजार रुपये लिया और फर्जी हेराफेरी कर इलेक्ट्रानिक कंप्यूटर से फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बनवाकर दे दिया। ज्वाइनिंग लेटर लेकर जब मेरे पुत्र के साथ अन्य लड़के दिए गए पते पर पहुंचे तो पता चला कि ज्वाइनिंग लेटर फर्जी है। इस पर मैंने मनीभूषण से वार्ता की तो उसने पैसा लौटाने की बात कही। अवध बिहारी ने बताया कि पुलिस इस मामले में रिपोट दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही थी। इस पर मैंने बीते 29 अक्तूबर को पुलिस महानिरीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद सारनाथ थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच दिसंबर को मनीभूषण के खिलाफ और जमानिया कोतवाली पुलिस ने चार दिसंबर को मनीभूषण सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पीड़ित अवध बिहारी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ ठगी की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। मामले की विवेचना सब इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह कर रहे हैं।