सादात। स्थानीय थाने पर तैनात एक सिपाही पर मारपीट के मामले में एक पक्ष से रिश्वत लेने का आरोप लगा है। साथ ही सैदपुर के सीओ से इसकी लिखित शिकायत की गई है। महुरसा गांव में तीन दिन पहले बीते 16 जून की रात दो पट्टीदारों के बीच मारपीट हुई थी। उस दौरान एक पक्ष के सचिन की जेब से मोबाइल और कुछ पैसे गिर गए थे। उन्होंने 112 नंबर पर इसकी सूचना दी थी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष को हिरासत में लेकर थाने ले आई। सचिन को 112 नंबर पर पैसा छीने जाने की झूठी सूचना देने के मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी और शुक्रवार को दोनों पक्षों का 151 में चालान कर दिया गया था। उधर भाजपा के कुछ नेता इस प्रकरण को लेकर सीओ सैदपुर से लिखित शिकायत की और संबंधित कांस्टेबल और थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ वीएस वीर कुमार ने बताया कि कथित कांस्टेबल के विरुद्ध प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।