कासिमाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के देवली गांव के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी नहीं सुलझ सकी। ऐसे में अब पुलिस बिसरा रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। उधर शुक्रवार की देर शाम कोतवाली पहुंचे मृतक के परिजन ने एक महिला को युवक की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। देवली गांव निवासी रामू राम का पुत्र विपिन उर्फ चंचल 17 जून की देर शाम बहादुरगंज कस्बे में एक मित्र के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए निकला था, लेकिन देर रात उसके एक मित्र ने फोन कर बताया कि विपिन की तबीयत काफी खराब हो गई है। परिजन बहादुरगंज स्थित गांधी मेमोरियल इंटर कालेज के पास पहुंचे। जहां विपिन बेसुध हालत में पाया गया था। परिजन उसे मऊ स्थित जिला अस्पताल ले गए थे। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया था। शुक्रवार को मृतक विपिन के पिता रामू राम एवं उसके परिवार के लोग कोतवाली पहुंचकर युवक के मौत का जिम्मदार एक महिला को बताते हुए मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रभारी निरीक्षक श्याम जी यादव ने बताया कि परिजनों के आरोप को गंभीरता से लेते हुए पुलिस इस दिशा में भी जांच करेगी। अब आगे की कार्रवाई बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।