दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ढोढ़ाडीह गांव के पास ग्रामीणों द्वारा शव रखकर मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग जाम करने और पुलिस कर्मियों पर पथराव के मामले में पुलिस ने रविवार को 34 नामजद एवं 50 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष की ओर से दी गई तहरीर पर कार्रवाई की गई। ऐसे में अब पुलिस नामजद आरोपियों को दबोचने के लिए जहां दबिश दे रही है, वहीं अज्ञात को चिह्नित करने की कार्रवाई भी शुरु कर दी है। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के बनईपुर गांव निवासी पिकअप चालक रामधनी राजभर (45) को पट्टीदारों ने तीन जून को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान चार जून को चालक की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था। ग्रामीणों और परिजनों ने बीते जून को दाह संस्कार करने के बजाए पिकअप चालक का शव ढोढ़ाडीह मोड़ के पास रखकर मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया था। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष एवं पुलिस कर्मियों पर जाम कर रहे ग्रामीणों ने पत्थरबाजी की थी। इसमें दो पुलिस कर्मियों को चोटें भी आई थी। थानाध्यक्ष रामनेवास ने बताया की उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 34 नामजद एवं 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।