दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पातेपुर गांव में बदमाशों के एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले में एसपी ने गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। जिन्होंने दबिश देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को घायल ने व्हाट्सऐप के जरिए पुलिस को तहरीर देकर चचेरे भाई सहित चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। घायल का उपचार वाराणसी में चल रहा है। घटना के दूसरे दिन मुुहम्मदाबाद के सीओ राजीव द्विवेदी एवं थानाध्यक्ष रामनेवास ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ भी की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि 27 मई की शाम वर्षा होने के कारण घर के बारामदे में बैठकर वंशनारायण यादव उर्फ मुन्ना कुछ लोगों से बात कर रहे थे। इसी दौरान चचेरा भाई अवनीश के साथ गांव के ही अजीत यादव, मनीष यादव और शशिकांत आए और गाली देने लगे। मना करने पर अवनीश ने तमंचा निकाल कर वंशनारायण के पेट में गोली मार दी थी। इधर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों को दबोचने के लिए दबिश देने में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल द्वारा व्हाट्सऐप पर भेजी गई तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। गठित तीनों टीम आरोपियों को दबोचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बहुत जल्दी ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।