दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के सिहानी गांव में बृहस्पतिवार को युवकों के बीच हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच पथराव के मामले में पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जबकि 28 का चालान किया। उधर, घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस गांव में तैनात रही। मालूम हो कि 20 मई को गांव के बाहर क्रिकेट खेलने के लिए कुछ युवकों ने फील्ड तैयार किया था। वह सुबह फील्ड देखने गए थे और सड़क पर खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान सड़क पर भतीजे को गाड़ी सिखा रहे एक युवक ने सेल्फी ले रहे युवक को हटने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों में कहासुनी होने के बाद मारपीट शुरु हो गई थी। ईंट-पत्थर एवं लाठी-डंडा चलने से दोनों पक्षों की ओर से 20 लोग घायल हो गए थे। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और मामला शांत कराया था। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि संदीप कुशवाहा की तहरीर पर 33 नामजद तथा इसराइल की तहरीर पर 17 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें 28 लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।