पुलिस की गिरफ्त में नोनहरा थाना क्षेत्र में महिला की हुई हत्या में शामिल हत्यारोपी।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित नहर के पास सिवान में हुई महिला की हत्या का पर्दाफाश पुलिस पुलिस ने 24 घंटे में कर लिया। वारदात में उसने दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की और घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त चापड़ और खून से सनी शर्ट बरामद की। पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण आशनाई है। हत्यारोपी ने महिला से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की थी। थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पति की दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार को महेशपुर बाजार में सुबह वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की महिला की हत्या करने वाले आरोपी रोहली गांव स्थित पराहू बाबा मंदिर के पास कहीं भागने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने सुबह साढ़े छह बजे घेरेबंदी करते हुए हत्यारोपी सुग्गू सिंह यादव और प्रबिंद राजभर निवासी चुरामन अविसहन थाना कासिमाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चापड़ और खून से सनी हुई शर्ट घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद की गई। साथ ही तलाशी में उनके पास से दो मोबाइल और 580 रुपये नगदी भी बरामद हुए। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सूर्यप्रकाश मिश्र, उपनिरीक्षक विष्णुप्रताप गौतम, उपनिरीक्षक हैदर अली मंसूरी, विनोद कुमार यादव, दिनेश सिंह, श्याम बाबू शामिल थे। थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने हत्या जैसी बड़ी वारदात का 24 घंटे में पर्दाफाश कर हैट्रिक पूरी कर ली है। सबसे पहले खालिसपुर बवाड़े में कुछ माह पूर्व हुए हत्याकांड का 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया था। इसी तरह फतेहपुर अटवा गांव में हुई हत्या का भी उन्होंने वारदात के दूसरे दिन ही खुलासा किया था। जबकि इस बार भी उन्होंने 24 घंटे के अंदर ही महिला की हत्या का भी पर्दाफाश किया।