कासिमाबाद। बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी पर पांच दिन पूर्व दो आभूषण की दुकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये की चोरी के साथ ट्यूवबेल पर सो रहे इलेक्ट्रिक दुकानदार की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। एक तरह जहां मृतक का परिवार सदमे में है, वहीं पुलिस के द्वारा किसी की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से पीड़ितों सहित आसपास के ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बीते सात फरवरी की रात बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर चट्टी पर दो आभूषण की दुकानों में पीछे की दीवाल में नकब लगाकर करीब 10 लाख रुपए के आभूषण पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। चोरी के बाद बदमाशों ने दुकान के पीछे ट्यूवबेल पर सो रहे धर्मराज मौर्य की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इस घटना की जानकारी सोमवार की सुबह छह बजे तब हुई जब ग्रामीणों ने आभूषण की दुकान में नकब देखी। इसके बाद धर्मराज मौर्य की हत्या की बात पता चली थी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक डा. ओम प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंच कर तत्काल गिरफ्तारी के साथ पर्दाफाश करने का निर्देश बरेसर थानाध्यक्ष को दिए थे। बता दें कि धर्मराज मौर्य का अलावलपुर में 12 दुकानों का अपना निजी कटरा है। उसी कटरे में दोनों आभूषण की दुकान है। घटना के पांच दिन बाद भी कटरा में पूरी तरह मायूसी है। धर्मराज मौर्य का परिवार आज भी दु:खी एवं मर्माहत है। जबकि पुलिस द्वारा किसी की अबतक न तो गिरफ्तारी की जा सकी और न हत्या के कारणों का पता लगा सकी। थानाध्यक्ष बरेसर संजय मिश्रा ने बताया कि लगातार दबिश दी जा रही है। कई लोगों से पूछताछ भी हुई है। क्षेत्रीय लोगों का सहयोग रहा तो शीघ्र घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।