सुहवल। पुलिस के लिए सिरदर्द बने टाप टेन के अपराधी की तलाश में रविवार की रात पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के मुख्य निशाने पर तीन माह से फरार चल रहे अपराधी ताड़ीघाट निवासी राहुल सिंह है। उसके कई ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी। इसके अलावा उसके घरों पर भी छापेमारी की कार्रवाई की गई। हालांकि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले राहुल सिंह के साथ मौजूद दो अपराधी फरार हो गए।
दबिश के दौरान पुलिस ने उनके परिजनों को हिदायत दी है कि उनकी किसी तरह की सूचना मिलती है, तो हमें तत्काल अवगत कराएं। इस दौरान गांव में अचानक भारी पुलिस बल देख लोग सहम गए थे और किसी घटना की आशंका जताई जाने लगी। लेकिन जैसे ही लोगों को पता चला कि पुलिस फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, तब जाकर लोग सुकून महसूस किए। पुलिस की मानें तो राहुल सिंह के साथ ही कुछ माह पहले गोलू सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ कुछ लोगों के ऊपर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इनके ऊपर कई संगीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं सोनवल निवासी गोलू सिंह सुहवल थाने का टापटेन अपराधी है। कहा कि इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है, जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा।