औड़िहार। चलती ट्रेन से एक छात्र को नीचे ढकेलने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल वाराणसी के कमांडेंट ऋषि पांडेय ने आरोपी तीनों सिपाहियों को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया है। इन सिपाहियों में मुख्य रूप से वीरेंद्र कुमार, विजय कुमार राय और धर्मेंद्र सिंह को दोषी पाया गया। सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस आदेश से आरपीएफ निरीक्षक को भी अवगत करा दिया गया है। शुक्रवार को युसूफपुर-शहबाजकुली रेलवे स्टेशन के बीच मीरगंज रेलवे क्रासिंग के पास सद्भावना अप ट्रेन से छात्र संजय कुमार बिंद (25) को आरपीएफ के जवानों ने चेन पुलिंग का आरोप लगाते हुए चलती ट्रेन से नीचे ढकेल दिया। युवक को नंदगंज थाने के टड़वां गांव जाना था। ट्रेन से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुरक्षा जवानों की इस अमानवीय हरकत पर कार्रवाई की गई।