खानपुर/भीमापार। खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना बाजार स्थित दो आभूषण के साथ ही एक डिस्पेंसरी और जूता की दुकान में चोरों ने चोरी का प्रयास किया। इस दौरान 35 हजार नगद सहित चांदी के कुछ पुराने जेवरात उठा ले गए। जबकि सैदपुर कोतवाली अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर का ताला तोड़कर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने चोरी की जानकारी पुलिस को दी।
खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना बाजार में संजय सेठ, राजू सेठ की ज्वेलरी और डा. दीनानाथ की डिस्पेंसरी तथा भानू यादव की जूता की दुकान है। रोज की तरह गुरुवार की देर शाम सभी दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात किसी समय चोर मास्टर चाभी से ताला खोलकर राजू सेठ की दुकान से एक हजार नगद और चांदी के कुछ पुराने जेवरात, दीनानाथ की डिस्पेंसरी से 1500 नगद और भानू यादव की जूता की दुकान से एक हजार का सिक्का उठा ले गए। चोरों ने संजय सेठ का दुकान का ताला तो तोड़ दिया, लेकिन सेंटर लाक खोलने में असफल रहे। लोगों ने सुबह टूटा ताला देखा तो दुकानदारों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में चारों दुकानदार दुकान पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि ऐसी कोई घटना मेरे संज्ञान में नहीं है। जबकि चौकी इंचार्ज का कहना था कि मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इस घटना से दुकानदारों में भय व्याप्त हो गया। उनका कहना था कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। पुलिस अभी एक चोरी के मामले का खुलासा भी नहीं कर पा रही है चोर दूसरी घटना को अंजाम दे, दे रहे हैं। उधर सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के भीमापार के जगदीशपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर गुरुवार की रात चोर अंदर घुस गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कक्ष का ताला तोड़कर अंदर रखी पांच फाइबर कुर्सी, एक व्हीलचेयर, सोलर प्लोट, बैट्री, पंखा, रेडियो, एंपलीफायर, घंटा सहित कई अभिलेख लेकर चंपत हो गए। सुबह गांव के लोगों ने विद्यालय का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह को दी। इस पर वह मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी। एक घंटा बाद पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। प्रधानाध्यपक ने चोरी की तहरीर दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शलुरु कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।