सुहवल। वाहनों के ई-चालान को लेकर रविवार को स्थानीय थाना परिसर में सीओ जमानिया के नेतृत्व में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें प्रभारी यातायात निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि अब पोर्टेबल प्रिंटिंग मशीन के जरिए वाहनों का चालान किया जा सकेगा। मशीन को एंड्रायड मोबाइल से कनेक्ट किया जाएगा।
बताया कि ट्रैफिक नियम तोड़े जाने पर पुलिस कर्मी तत्काल वाहन की फोटो खींचेंगे। इसके बाद सॉफ्टवेयर में उस वाहन का नंबर डालेंगे। वायलेंस के ऑप्शन पर क्लिक करेंगे। फिर चालान का प्रिंट निकालकर वाहन चालक को दे देंगे। ई-चालान की सुविधा शुरू होने से जहां प्रवर्तन दस्तों के समय की काफी बचत होगी, वहीं कागज की बर्बादी पर भी अंकुश लगेगा। ई-चालान की सबसे अहम बात यह है कि अब सभी तरह के कागज और अन्य डिटेल ऑनलाइन होंगे। ऐसे में पुलिस/परिवहन विभाग के बाबू ई-चालान में किसी तरह की दाल नहीं गलेगी। बताया कि ई-चालान एप्स को प्रवर्तन अधिकारियों के टैबलेट में डाउनलोड कर दिया जाएगा। अगर चालान कहीं ऐसी जगह किया जा रहा है, जहां पर इंटरनेट की व्यवस्था है तो गाड़ी का नंबर डालते ही उसकी पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। ई-चालान में सिर्फ फोटो और अफेंस डालना होगा। सभी तरह के अफेंस उसमें फीड किए गए हैं। ऐसे में जिस अफेंस को डालना है, वह तुरंत दिखने लगेगा। अफेंस के डालते ही जुर्माने की राशि अपने आप प्रदर्शित होने लगेगी। इसी तरह से ड्राइविंग लाइसेंस का नंबर डालते ही सारी जानकारियां मिल जाएंगी। उन्होंने बताया कि अभी ई-चालान नाम के इस मोबाइल एप में 125 अफेंस फीड किए गए हैं। इसके बाद ऐसे कई अफेंस और फीड किए जाएंगे जिन पर प्रवर्तन दस्ते चालान काटेंगे। सीओ जमानिया कुलभूषण ओझा ने जानकारी दी कि ई-चालान से प्रवर्तन दस्ते जिस वाहन स्वामी या वाहन चालक के वाहन का चालान करेंगे, उसका ऑटोमैटिक खाता खुल जाएगा। दोबारा चालान कटते ही उसके बारे में सारी जानकारी मोबाइल एप खुद बता देगा। इतना ही नहीं किस गाड़ी का चालान कहां और कितनी बार हुआ है, यह सब जानकारी इस पर मिल सकेगी। चालान काटने के बाद संबंधित अधिकारी को इसे अप्रूव्ड करना होगा। अगर किसी अधिकारी ने गलत अप्रूवल दिया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जमानिया के कोतवाल दिलीप सिंह, सुहवल प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा, रेवतीपुर के प्रभारी निरीक्षक किशोर कुमार चौबे, दिलदारनगर के प्रभारी निरीक्षक जयश्याम शुक्ल, गहमर के प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह आदि थाना प्रभारी एवं यातायात विभाग के लोग उपस्थित थे।