भांवरकोल। थाना क्षेत्र के सिरीपुर गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई। इस घटना में झोपड़ी में बंधी एक भैंस जहां गंभीर रूप से झुलस गई, वहीं उसमें रखा हजारों का सामान जलकर राख हो गया। मालूम हो कि रोज की तरह शनिवार की रात सिरीपुर गांव निवासी सत्येंद्र प्रजापति परिवार के साथ झोपड़ी में सोए थे। बगल की झोपड़ी में मवेशी बंधे थे। रात करीब 10 बजे मवेशियों के चिल्लाने पर परिवार के लोगों की नींद टूट गई। झोपड़ी से बाहर निकले तो देखा कि झोपड़ी से आग की लपटें उठ रही थी। परिजन आग-आग का शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से निकलकर मौके पर पहुंच गए। झोपड़ी में बंधी एक भैस खूंटा तोड़कर बाहर भाग आई, जबकि अंदर बंधी दूसरी भैंस को लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि आग की इस घटना में झोपड़ी में रखा खाद्यान्न सहित हजारों का सामान जलकर राख हो गया।