थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी बशीर के घर में खाना बनाने के दौरान गैस रिसने से सिलेंडर में आग लग गई। काफी प्रयास के बाद भी आग न बुझने पर घरवाले बाहर भागे उसके कुछ ही देर बाद तेज धमाके से सिलेंडर फट गया।
बुधवार की सुबह हुई इस घटना से किचन की छत उड़ गई। इस घटना में दो पड़ोसियों के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
रामपुर गांव निवासी बशीर अली की बहू शबनम बुधवार की सुबह किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान रेग्युलेटर से गैस लीक होने की वजह से सिलेंडर में आग लग गई।
ये देख शबनम चिल्लाते हुए किचन से बाहर भागी और परिवार के लोगों को इसके बारे में बताया। परिवार के लोग तुरंत किचन में पहुंचकर अग्निशमन यंत्र और मिट्टी-बालू से आग बुझाने में जुट गए।
लेकिन और बढ़ती गई। बढ़ती आग देखकर और सिलेंडर फटने की आशंका से पूरा परिवार घर से बाहर निकल आया। कुछ ही देर में तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।
जबर्दस्त धमाके की वजह से किचन की छत पूरी तरह उड़ गई और बर्तन सहित अन्य सामान हवा में उड़ते हुए इधर-उधर बिखर गए। तेज धमाके से पड़ोसी रमेश विश्वकर्मा तथा अजीज के मकान का बारजा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
सिलेंडर फटने से भयभीत लोग काफी देर के बाद मकान के गए और आसपास के लोगों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से गृहस्थी का हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया।