गाजीपुर। कैप्टन स्व. रामरूप सिंह चैलेंजर ट्रॉफी का फाइनल सीपीसी सुपर किंग्स और यंग स्टार क्लब के बीच खेला गया। इसमें सीपीसी सुपर किंग्स ने दिलचस्प मुकाबले में 15 रन से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मैदान पर बृहस्पतिवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए सीपीसी सुपर किंग्स की टीम ने पवन राय के 30 और यशराज चतुर्वेदी के 25 रन की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 154 रन बनाए।
यंग स्टार क्लब की तरफ से शशांक पाण्डेय ने तीन, संदीप निषाद, अजय मौर्या, प्रखर उपाध्याय एवं ब्रिजेश बिन्द ने एक-एक विकेट लिया। 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यंग स्टार क्लब की टीम अभिषेक कश्यप के 27 रन के बावजूद निर्धारित 20 ओवर में मात्र 139 रन ही बना सकी। सीपीसी सुपर किंग्स की तरफ से पवन राय, अश्विनी राय और राहुल कुमार ने दो-दो एवं सचिन राजभर, महतिम यादव ने एक-एक विकेट लिया।
मैच में अंपायर संतोष पाठक एवं स्मृति राय एवं मो. अम्मार, आयुष एवं सिद्धार्थ ने ऑनलाइन तथा राहुल ने ऑफलाइन स्कोरर की भूमिका निभाई। अंत में सीपीसी सुपर किंग्स के पवन राय को मैन ऑफ़ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इससे पहले मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अपैक्स कौंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह, सचिव डॉ. उमेशचन्द्र राय, कोषाध्यक्ष अजय सर्राफ, बरुन कुमार अग्रवाल, विनय कुमार सिंह, मो. आरिफ, संजय राय आदि उपस्थित थे।