करंडा थाना क्षेत्र के बक्सा गांव में पुलिस ने सोमवार को पशु तस्कर द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई छह बिस्वा भूमि को कुर्क कर दिया। गैंगेस्टर एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। संगठित अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सीओ सिटी ओजस्वी चावला और तहसीलदार के नेतृत्व में पुलिस टीम बक्सा गांव पहुंची। वहां पशु तस्कर संतोष कुमार यादव की ओर से अपनी माता प्रमिला देवी के नाम से ग्राम सभा स्थित गाटा संख्या 88, 89 और 91 के रकबा 0.305 हेक्टेयर में से अंश मुताबिक रकबा 0.0761 हेक्टेयर (अनुमानित मूल्य-11,75,000 रुपये ) को धारा 14(1) गैंगेस्टर एक्ट में कुर्क किया। कार्रवाई के बाद अपराधियों में खलबली मची हुई है। इस संबंध में सीओ सिटी ओजस्वी चावला ने बताया कि अपराधियों पर लगातार नकेल कसी जा रही है। अवैध रूप से अर्जित की गई भूमि को कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान राजस्व निरीक्षक शिवाजी सिंह और हल्का लेखपाल निशांत पाठक के अलावा राजस्व एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।