गाजीपुर। कोविड-19 टीकाकरण के प्रति लोगों का रुझान बढ़ाने के लिए निकाले गए लकी ड्रा में विजेता महिला कांस्टेबिल को सीएमओ ने सोमवार को पुरस्कृत किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीसी मौर्या ने बताया कि लकी ड्रा में शालू सरोज, देव मती, रामपति चौहान और देवशरण को विजेता घोषित किया गया था। इन्हें शासन की तरफ से 2000 रुपये का पुरस्कार दिए जाने थे, जिसके क्रम में दो दिन पूर्व डीएम कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मी देवशरण को वाटर फिल्टर दिया गया। सोमवार को दिलदारनगर में कार्यरत महिला कांस्टेबल शालू सरोज को मिक्सर ग्राइंडर दिया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि अभी दो लोगों का पुरस्कार दिया जाना बाकी है। उन्हें सूचना दे दी गई है जैसे ही वह कार्यालय पर आएंगे उन्हें उनका पुरस्कार दे दिया जाएगा। महिला कांस्टेबल ने बताया कि टीकाकरण कराते समय कुछ डर महसूस हो रहा था, लेकिन टीकाकरण कराने के बाद पूर्ण रूप से स्वस्थ हूूं और अपनी ड्यूटी कर रही हूूं। ऐसे में जिन लोगों को कोरोना के टीका से डर लग रहा है उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।