खानपुर। थाना क्षेत्र के दरवेपुर गांव निवासी नव निर्वाचित महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य के पति ने एक बीडीसी के दो समर्थकों पर खरीद-फरोख्त करने एवं धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। दरवेपुर गांव की बीडीसी मनभावती देवी के पति सुरेंद्र राजभर ने पुलिस को बताया कि एक बीडीसी के दो समर्थक 18 मई को घर पहुंचे और ब्लाक प्रमुख के होने वाले चुनाव में वोट देने का दवाब बनाने लगे। इंकार करने पर उनके साथ आए दर्जन भर लोगों ने परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी और डेढ़ लाख रुपये जबरदस्ती देकर चले गए। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर ने बताया कि नव निर्वाचित बीडीसी के पति की शिकायत और पैसे मिले हैं। दो समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वोट खरीदने और धमकाने के आरोप पर कार्रवाई की जा रही है।