मुहम्मदाबाद। बच्छलपुर-रामपुर पीपा पुल का एप्रोच कटान के चलते क्षतिग्रस्त हो जाने से पीपापुल पर पिछले 18 दिनों से आवागमन पूरी तरह से ठप था। पीपापुल की मरम्मत कराकर बुधवार को इस पर वाहनों का आवागमन शुरु करा दिया गया। बीते दो मई को कटान के चलते एप्रोच क्षतिग्रस्त हो जाने से पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया था। पीपा एवं स्लीपर की कमी के चलते पुल की मरम्मत में काफी विलंब हुआ। इस वर्ष प्राकृतिक कारणों से पुल को तीन भाग में बनाया गया है। मुख्य धारा में बीच के बने पुल के पास कटान के चलते इस वर्ष कई बार पुल पर आवागमन ठप रहा। पुल को 15 जून को आवागमन बंद कर खोल दिया जाता है। इस बार लगभग पूरे वर्ष सुचारू रुप से पुल पर आवागमन नहीं हो सका है। इसके चालू होने के बाद भी रेत पर प्लेट ठीक से नहीं लगा होने के कारण अभी वाहनों के आने-जाने में लोगों को काफी असुविधा हो रही है। पहले दिन सिर्फ बाइक सवार युवकों ने रेत में वाहन को धक्का देकर पुल पर आवागमन किया।