भांवरकोल। थाना क्षेत्र के लोचाइन ग्राम पंचायत में तैनात रोजगार सेवक को पीएम आवास के लाभार्थी से सुविधा शुल्क मांगना महंगा पड़ा। डीएम के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी ने शनिवार की देर शाम रोजगार सेवक पर मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही विभागीय स्तर पर भी जांच कराई जा रही है। कार्रवाई से अधिकारियों एवं कर्मचारयिों में खलबली मची है। मामला ग्राम पंचायत लोचाइन में तैनात रोजगार सेवक वीरबहादुर राम ने प्रधानमंत्री आवास की लाभार्थी अकलिया देवी के पुत्र गुड्डू राम से आवास निर्माण की प्रथम किस्त का पैसा खाते में भेजने के लिए सुविधा शुल्क मांगा। इसका आडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मौर्य को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। शिकायतकर्ता गुड्डू राम के प्रार्थना पत्र की सत्यता की जांच के बाद शनिवार को रोजगार सेवक को दोषी मानते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया। शिकायतकर्ता गुड्डू ने बताया कि रोजगार सेवक वीर बहादुर द्वारा ने 24 जनवरी की रात मोबाइल से फोन कर प्रधानमंत्री आवास निर्माण की पहली किस्त उसकी मां अकलिया देवी के खाते में डालने के लिए बीस हजार रुपये मांगे थे। खाते में आवास की पहली किस्त 40 हजार रुपये 21 जनवरी को ही आ चुके थे। खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि जांच करके रोजगार सेवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।