सादात। थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव में बीते दिनों एक विवाहिता की फांसी लगाकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में उसके मामा ने स्थानीय थाने में दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सास, ससुर, दो देवर एवं एक ननद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। मृतका राधना के मामा रामदरश जंगीपुर थाने के परसोतिया गांव के रहने वाले हैं। वह मंगलवार की रात में सादात थाने पर पहुंचे और आरोप लगाया कि मृतका राधना के परिवार वाले आए दिन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उनकी तहरीर पर सास प्रेमशीला, ससुर दिनेश राजभर, देवर रजिंदर व महेंद्र तथा ननद प्रियंका के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका की शादी अभी एक साल पहले ही हुई थी। इसका पति राजू सूरत में नौकरी करता है।