मुहम्मदाबाद के वकील बाड़ी में हाटस्पाट क्षेत्र में बंद की गई गलियां।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। वाराणसी में भर्ती एक और मरीज ठीक हो कर घर आ गया। अब जिले में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या सात हो गई है। उसे खिजिरपुर स्थित उसके गांव भेज दिया गया है। उसे वाराणसी से बुधवार की देर शाम एंबुलेंस से यहां लाया गया। इधर जिले से भेजे जा रहे संदिग्धों के सैंपल की रिपोर्ट अब लगातार निगेटिव आ रही है। आज विभिन्न स्थानों से कुल 29 संदिग्धों के सैंपल लिए गए। जिले से अब तक 1810 लोगों के सैंपल भेजे गए है जिसमें से 355 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस समय जिले में कुल 60 मरीज हैं, जिसमें से सात ठीक हो चुके हैं। जबकि 53 मरीज अब भी एक्टिव हैं।
अप्रैल माह के शुरुआती सप्ताह में ही जिले में कोरोना के तोबड़तोड़ पांच मरीज मिले थे। इसमें तीन बाहर से आए जमाती थे जिसमें दो देहरादून तथा एक सहारनपुर के थे। बाद में एक और मरीज दिलदारनगर में पाया गया। पहले इन मरीजों को मुहम्मदाबाद लेविल वन के अस्पताल रख कर इलाज किया जा रहा था लेकिन बाद में सभी को वाराणसी के दीन दयाल उपाध्याय मंडलीय अस्पताल में भेज दिया गया। इलाज के बाद वाराणसी से ठीक हो कर पहले पांच मरीज आए। उन्हें छावनी लाइन स्थित एक स्कूल में बनाए गए अस्थाई जेल में रख दिया गया। इसके बाद जमातियों के ही सर्पक में आई शहर की एक महिला भी कोरोना से संक्रमित हो गई। इसकी खोज अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में हुई। वह भी ठीक हो गई जिसे घर भेज दिया गया था। इधर अब प्रदेश सरकार महानगरों तथा बाहरी राज्यों में रहने वाले लोगों को बसों तथा रेल से बुला रही है। जिससे जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है।