गाजीपुर। जिले में लगातार एक सप्ताह से कोरोना के मरीजों के मिलने का सिलसिला बना हुआ है। रविवार को भी खानपुर थाना क्षेत्र के भुवंरपुर गांव में गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) से आए एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम भुवंरपुर गांव पहुंच गई तथा मरीज को एंबुलेंस से मुहम्मदाबाद में बनाए गए कोविड-19 लेवल वन अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया। इस समय जिले में कुल 76 मरीज हो गए हैं जिसमें से सात ठीक भी हो चुके हैं। लगातार बढ़ती संख्या से जिले वासियों में दहशत व्याप्त हो गई है।
इस युवक की सैंपलिंग गौतमबुद्ध नगर में हुई थी। इसके बाद यह शनिवार को श्रमिक एक्सप्रेस से चलकर अपने गांव भुवंरपुर आ गया। रविवार की सुबह गौतमबुद्ध नगर में इसकी रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। उसके यात्रा की जानकारी मिलने के बाद वहां से इसकी रिपोर्ट गाजीपुर जिलाधिकारी के यहां भेज दी गई। खानपुर संवाददाता के अनुसार सुबह ही सूचना मिलने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर से चिकित्सकों की टीम, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस एंबुलेंस के साथ भुवंरपुर गांव में पहुंच गए। आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया। एसडीएम ने गांव को सैनिटाइज करने का आदेश दिया। सुबह ही हुई इस कार्ररवाई के बाद आसपास के गांवों में भी दहशत व्याप्त हो गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्या ने बताया कि जिले में मिलने वाले कोरोना मरीजों को इलाज के लिए अब मुहम्मदाबाद स्थित कोरोना लेवल वन अस्पताल में भेजा जा रहा है। सबसे पहले मरीजों को वाराणसी तथा उसके बाद जौनपुर इलाज के लिए भेजा जा रहा था लेकिन वहां जगह फुल हो जाने के कारण अब मरीजों को यहां रखा जा रहा है। बताया कि बाहर से आ रहे प्रवासियों की वजह से जिले में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस हालत में लोगों को सतर्क रहना चाहिए तथा सुरक्षा के हर आवश्यक उपाय करना चाहिए।