गाजीपुर। गैर जिलों से आने वाले लोगों को जनपद में बनाए गए क्वारंटीन सेंटराें में क्वारंटीन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। भर्ती और उपचार के लिए अस्पतालों को अधिग्रहीत कर लिया गया है और यहां मेडिकल टीम तैनात की जा रही है। सदर एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया है कि कोराना संक्रमण के कारण मां राधिका देवी बाल चिकित्सालय प्राइवेट लिमिटेड चंद्रशेखर नगर, कपूरपुर देहाती रौजा गाजीपुर, शम्मे गौसिया पोस्ट ग्रेजुएट आयुर्वेदिक/यूनानी मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल सहेड़ी गाजीपुर, सिंह लाइफ केयर हास्पिटल प्राइवेट लिमिटेड गंगा ब्रिज रोड रौजा तिराहा को अधिग्रहित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इन अस्पतालों को आवश्यकतानुसार इस्तेमाल किया जाएगा। थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि वह परिसर की सुरक्षा एवं आवागमन की सुरक्षा के लिए तैयारी करें। कार्य में जो भी बाधा बनेगा उसे राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जद में लाया जाएगा।