औड़िहार। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए भारत जागृति फाउंडेशन ने शनिवार को सैदपुर नगर में मास्क एवं सेनिटाइजर बांटे। उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह की पहल पर तहसील परिसर का सेनिटाइजेशन कराया। तहसील परिसर के अलावा एसडीएम और तहसीलदार कोर्ट तथा विभागीय दफ्तरों रिकॉर्ड रूम वाले कमरों को ड्राई सेनिटाइज किया। अनूप जायसवाल ने बताया कि ड्राई सेनिटाइजेशन से कागजात, फ़ाइल भीगने का डर नहीं रहता है। उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बीएस वीरकुमार ने कहा कि सोमवार से तहसील परिसर में मास्क के बिना किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस मौके पर नायब तहसीलदार राहुल सिंह, फॉउंडेशन के संरक्षक पंकज श्रीवास्तव, फरहान अंसारी, प्रवक्ता अनूप जायसवाल उर्फ़ अनुराग, प्रदीप विश्वकर्मा, अजय वर्मा आदि उपस्थित थे।