गाजीपुर। कोविड वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में 22 जनवरी को पांच सेंटरों पर 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए जाएंगे। इसे लेकर एक फिर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 16 जनवरी को जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर एवं जखनिया में कोविड-19 के टीके लगाए गए थे। लक्ष्य के सापेक्ष 290 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। दूसरे चरण के टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर तिथि निर्धारित नहीं थी। 18 जनवरी को शासन ने 22 जनवरी की तिथि निर्धारित की। अब तिथि तय होने की स्थिति में स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। साथ ही कर्मचारियों की तैनाती को लेकर उनकी ड्यूटी की भी सूची तैयार की जा रही है। जबकि नोडल अधिकारियों की भी तैनाती का कार्य शुरू कर दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्या ने बताया कि 22 जनवरी को टीकाकरण कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू होगा। इसको लेकर विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।