-बड़ेसर गांव निवासी जितेंद्र कुमार ने खोला राज, पुलिस ने सात को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
जमानिया। थाना क्षेत्र के बड़ेसर गांव में प्रार्थना सभा के नाम पर चल रहे चले धर्मांतरण मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बड़ेसर गांव निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ पप्पू की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक 45 हजार रुपये और रोजगार देने का लालच देकर धर्मातंरण कराया जाता है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
रविवार को बड़ेसर गांव में पुलिस ने छापा मारा था। जहां से एक वाहन, हैंडबिल, पुस्तक, स्टीकर, आईकार्ड सहित बड़ी मात्रा में धार्मिक प्रचार सामग्री बरामद की गई थी। साथ ही मौके से सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाई थी।
मामले में प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई कि प्रार्थना सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन का खेल काफी दिनों से चल रहा था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि बड़ेसर गांव में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन का खेल चल रहा था।
तहरीर के आधार पर विनोद कुमार जेम्स‚ इंद्रासन राम‚ जयप्रकाश शर्मा‚ संजय राम‚ प्रकाश राजा बाबू‚ रामाशीष शर्मा‚ मनीषा सिंह को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक वाहन में बड़ी संख्या में धर्म प्रचार सामग्री बरामद की गई है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मां के कहने पर प्रार्थना सभा में गया था जितेंद्र
बड़ेसर गांव निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ पप्पू ने तहरीर में बताया कि विनोद कुमार जेम्स जमानिया के वार्ड नंबर चार में रहता था। जबकि वह ग्राम तियरा थाना नुआंव जिला कैमूर, भभुआ बिहार का मूल निवासी है। जेम्स यहां छह अन्य सहयोगियों के साथ मिशनरी का प्रचार-प्रसार करता था। वहीं, जितेंद्र की मां सुशीला देवी कई वर्षों से वहां आती-जाती हैं। उन्हीं के कहने पर तीन-चार माह से हर रविवार को जितेंद्र भी आता-जाता था।
-
आसपास के लोगों को एकत्रित कर दे रहे थे लालच
बड़ेसर गांव निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ पप्पू ने तहरीर बताया है कि विनोद कुमार जेम्स अपने सहयोगियों के साथ आसपास के लोगों को एकत्रित कर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहा था। इसी क्रम में रविवार को उन्हें लालच देते हुए प्रचार सामग्री बांट रहा था। प्रार्थना सभा पर इन लोगों को यह कहते हुए सुना कि ईसाई धर्म स्वीकार कर लेने पर प्रत्येक व्यक्ति को 45 हजार रुपये मिशनरी देगी और रोजगार भी दिया जाएगा। बीमार लोग और उनके परिजन बिना दवा के ठीक हो जाएंगे। इस पर मैंने क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह को सूचना दी दिया। संवाद