ताड़ीघाट मऊ रेल परियोजना के तहत सोनवल के सैदुल्लाहपुर मौजे में निर्माणाधीन नए रेलवे स्टेशन का ही नहीं तय हो पा रहा। करीब एक वर्ष पूर्व आरबीएनएल ने न्यू ताड़ीघाट स्टेशन नाम रखने का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा था, लेकिन अब तक मुहर नहीं लग सकी है। इधर ग्रामीणों ने निर्माणाधीन स्टेशन का नाम किसी महापुरुष के नाम पर रखने की मांग की है। निर्माणाधीन स्टेशन के नामकरण के सिलसिले में आरबीएनएल ने अपना ( प्रस्ताव) सहमति पत्र पिछले वर्ष ही प्रेषित कर दिया था, लेकिन अभी तक स्टेशन को अपना नाम नहीं मिल सका है। हालांकि अब गेंद सरकार एवं मंत्रालय के पाले में है, देखना है कि इस प्रस्ताव को कब हरी झंडी मिलती है या कोई अन्य नाम दिया जाएगा ये सरकार के अधिकार क्षेत्र का मामला है। निर्माणाधीन नया रेलवे स्टेशन करीब 140 मीटर चौड़ा एवं करीब 600 मीटर लंबा है। इस स्टेशन पर चार प्लेटफार्म बनाए जाएंगे। यहां कुल सात रेलवे ट्रैक बिछाया जाएगा, जिससे गाड़ियों के संचालन में आसानी होगी। यही नहीं यहा एक फुट ओवर ब्रिज, यात्री विश्रामालय, कार्यालय, आवास के अलावा इस स्टेशन के दोनों तरफ पक्की सड़क का निर्माण होना है जो ढढ़नी सुहवल और ताड़ीघाट स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 24/97 से सीधे जुड़ेगी। विभाग के मुताबिक यहां से रेल लाइन सतह से होकर गुजरेगी। जबकि मेदनीपुर से गंगबरार होकर सिटी स्टेशन एवं घाट तक जाने वाली नई रेल लाइन पिलरों से होकर गुजरेगी। परियोजना दो चरणों में पूरी की जानी है, जो करीब 1766 करोड़ की है। पहले चरण की यह परियोजना जो सोनवल से सीटी स्टेशन और घाट तक जानी है। करीब 993 करोड़ की जिसकी लंबाई करीब 14 किमी है। इस संबंध में आरबीएनएल के परियोजना निदेशक सत्यम कुमार ने बताया कि सोनवल के पास निर्माणाधीन नया रेलवे स्टेशन का न्यू ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन के नाम का प्रस्ताव विभाग के माध्यम से मंत्रालय और केन्द्र सरकार को भेज दिया गया है। अब कब मंजूरी मिलती है या कोई और नाम दिया जाएगा यह केन्द्र सरकार एवं मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र का मामला है।