गुजरात के राजकोट में दो अक्टूबर से शुरू हुई नेशनल हॉकी की पुरुष प्रतियोगिता में यूपी की टीम में शामिल करमपुर के दो सगे भाई जुगलबंदी निभा रहे हैं। यह दो सगे भाई राजकुमार पाल और राजू पाल हैं। मंगलवार को झारखंड से हुई भिड़ंत को टीवी पर देखने के लिए करमपुर गांव में लोगों में खास उत्सुकता देखी गई। लोग टीवी स्क्रीन से चिपके रहे।
इस प्रतियोगिता में यूपी की 4-1 से जीत में इन दोनों भाइयों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिसे देख कर खेल प्रेमी खुशी से झूम उठे। यूपी टीम की ओर से झारखंड के खिलाफ दागे गए पहले गोल में गेंद राजू पाल ने फेंका, राजकुमार पाल ने रोका और एक तीसरे खिलाड़ी सुमित ने दागा। जबकि दूसरा गोल तो पूरी तरह से दोनों भाइयों के नाम रहा। इसमें छोटे भाई राजू पाल ने गेंद पास किया। जिस पर राजकुमार ने फील्ड गोल दाग दिया। तीसरा गोल भी मेघबरन के नाम रहा। इसमें टीम के कप्तान ललित कुमार उपाध्याय ने गेंद पास किया और गोल दागा सुमित ने। जबकि राजकुमार पाल के पास पर सुमित ने चौथा गोल दागा। मेघबरन स्टेडियम के हाकी कोच इंद्रदेव ने बताया कि यूपी का पहला मैच तमिलनाडू के खिलाफ दो अक्टूबर को खेला गया था। इसमें यूपी टीम की ओर से अठगांवा के मनीष यादव ने पहला और करमपुर के राजकुमार पाल ने दूसरा गोल दागा।
करमपुर गांव के स्व. कल्पनाथ के तीनों पुत्र हाकी के कुशल खिलाड़ी मेघबरन स्टेडियम की ही पौध हैं। जोखन पाल हाकी खेल कर पंजाब आर्मी, राजकुमार पाल दिल्ली में एजी आफिस और राजू पाल रेलवे सिकंदराबाद में तैनात हैं। इन तीनों भाइयों की उपलब्धि पर गांव हमेशा गर्व करता है।- राधेमोहन सिंह, पूर्व सांसद एवं प्रबंधक मेघबरन स्टेडियम करमपुर।