गाजीपुर। जंगीपुर थानाक्षेत्र के देवकठिया गांव के लाला का पुरा में ट्रांसफाॅर्मर बदलते समय करंट लगने से झुलसे संविदा लाइनमैन की शुक्रवार की रात उपचार के लिए वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों के रोने-बिलखने से दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।
नोनहरा थानाक्षेत्र के चकताहा गांव निवासी अखिलेश कुमार बिंद (29) अंधऊ विद्युुत उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के तौर पर तैनात थे। छोटा भाई विमलेश कुमार बिंद ने बताया कि बड़े भाई तीन साथियों के साथ सुबह करीब 11 बजे देवकठिया ग्रामसभा के लाला का पुरा में पोल पर 63 केवीए का खराब पड़ा ट्रांसफाॅर्मर बदलने गए थे। उनके साथ गए कर्मचारियों ने दोपहर दो बजे फोन पर हादसे की सूचना दी।
साथ ही बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चक्कर आने से अखिलेश बिंद पोल से गिर गए हैं। जबकि उनके हाथ पर करंट के चपेट में आने के निशान थे। थोड़ी देर में होश आने पर भाई अखिलेश ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर चढ़ाते वक्त उन्हें लगा कि तार में करंट है। इसकी सूचना अधिकारियों को दी पर उन्होंने कहा कि लाइट काट दी गई है।
इसके बाद हाथ तार के संपर्क में आते ही जोरदार करंट लगा। जबकि एसडीओ और जेई चक्कर खाकर पोल से नीचे गिरने की बात कह रहे थे। इधर हालत गंभीर होने पर मेडिकल काॅलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने अखिलेश बिंद को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर जाते समय देर रात रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व छुट्टी को लेकर बिजली निगम के एक अधिकारी से विवाद हुआ था। जंगीपुर थानाध्यक्ष विवेक तिवारी ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।