दुल्लहपुर। स्थानीय बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए 16 पिलर वाले ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा। ओवरब्रिज रेलवे गेट से करीब 380 मीटर पूरब और 350 मीटर पश्चिम तक बनाया जाएगा।
इसकी चौड़ाई करीब 22 मीटर होगी। लोक निर्माण विभाग के जेई अनुराग यादव ने बताया कि ओवरब्रिज के निर्माण से पहले निर्माण कार्य से प्रभावित होने वाले क्षेत्र की रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।
क्षेत्रीय लेखपाल से प्रभावित क्षेत्र की रिपोर्ट मांगी गई है, जिससे निर्माण कार्य शुरू होने से पहले आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके। वहीं दुकानदारों और स्थानीय लोगों को आशंका है कि निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में दुकानें और अन्य निर्माण इसकी जद में आ सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज बाजार के लिए जरूरी है, लेकिन प्रभावित दुकानदारों और भवन स्वामियों की समस्याओं का उचित समाधान तथा रोजगार की व्यवस्था किए बिना निर्माण शुरू होने पर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।