गाजीपुर। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के जाति जनगणना कराने के फैसले पर सांसद राहुल गांधी की ओर से इसके लिए किए गए संघर्ष के लिए शुक्रवार को धन्यवाद यात्रा निकाली।
यात्रा शहर कमेटी के सकलेनाबाद स्थित कार्यालय से शुरू होकर मिश्र बाजार, महुआबाग होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुंचकर समाप्त हुई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि जाति जनगणना से ही वंचित, शोषित, पिछड़े, दलित एवं गरीब तबके का विकास संभव है।
जिला कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि राहुल गांधी के संघर्ष से जाति जनगणना का सपना साकार हुआ है। इसलिए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सांसद राहुल गांधी को धन्यवाद देने के लिए यात्रा निकाली। उनका संघर्ष रंग लाया है और सरकार जाति जनगणना कराने के लिए विवश हुई।
शहर कमेटी के अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं पूर्व विधायक अनिल अमिताभ दुबे ने संयुक्त रूप से कहा कि राहुल गांधी के परिश्रम के कारण सरकार जातिगत जनगणना कराने का फैसला करने को विवश हुई है। पूर्व जिलाध्यक्ष मारकंडेय सिंह एवं एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि राहुल गांधी पिछड़ों और दलितों के सच्चे हिमायती हैं।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. जनक कुशवाहा, चंद्रिका सिंह, लालसाहब यादव, हामिद अली, आलोक यादव, राजीव कुमार सिंह, सतीश उपाध्याय आदि मौजूद थे।