नोनहरा थाना क्षेत्र के गजिया मौजा स्थित गठिया गांव के पास पुलिया पर से 10 अक्टूबर की देर रात एक टाटा सूमो के गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई थी। जिला प्रशासन की ओर से घटना की मजिस्ट्रेटी जांच बैठाई गई थी। जांच पूरी होने के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार को रिपोर्ट शासन को भेज दी है। शासन की ओर से निर्देश मिलने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
मुहम्मदाबाद के बढ़ईपुर गांव की बिंद बस्ती की एक महिला को दस अक्तूबर को सांप ने काट लिया था। घर वाले और पड़ोसी उसे झाड़फूंक के लिए बरेसर थाने के अमवा की सती माई ले जा रहे थे। इसी दौरान गजिया मौजा के गठिया गांव के पास नोनहरा- अलावलपुर मार्ग स्थित मंगई नदी में आई बाढ़ में बही पुलिया से देर रात टाटा सूूमो गिर गई।
इस घटना में एक ही गांव के आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना से गांव शोक में डूब गया था। घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने मामले की जानकारी शासन को दी। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक्सईएन समेत पीडब्लूडी के तीन इंजीनियरों को निलंबित कर इनके मुकदमा पंजीकृत कराने का निर्देश दिया था। शासन की ओर से मिले निर्देश के बाद नोनहरा थाने में इनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। इसके बाद डीएम ने घटना की पूरी जांच कर रिपोर्ट देने के लिए मजिस्ट्रेटी जांच कराने का निर्देश दिया था। जांच पूरी होने पर रिपोर्ट जिला प्रशासन की ओर से शासन को भेज दी गई है। इस संबंध में एडीएम आनंद कुमार ने बताया कि रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। शासन की ओर से मिले निर्देश के बाद कार्रवाई की जाएगी।