मुहम्मदाबाद। पुलिस अधीक्षक की देखरेख में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद एवं कोतवाली परिसर को सेनेटाइज्ड कराया गया। दमकल विभाग की गाड़ी के साथ सेनेटाइज्ड करने वाले वाहन को लेकर पहुंचे पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने अपनी देखरेख में कोविड-19 लेवल वन 30 बेड के हास्पिटल जिसमें जिले में मिले सभी पांच कोरोना पाजिटिव मरीज को भर्ती किया गया है को सेनेटाइज्ड कराया तथा हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आशीष राय से भर्ती मरीजों के बारे में जानकारी हासिल किया।
उसके बाद कोतवाली पहुंचकर उसे सेनेटाइज्ड कराने के बाद पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आप को इस वैश्विक महामारी से जनता को बचाने की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। आप उसका अच्छे से पालन भी कर रहे हैं इसलिए इस समय सिर्फ डाक्टर, नर्स एवं पुलिस कर्मियों की प्रशंसा हो रही है।
लॉकडाउन तोड़ने वाले को सजा न दें वजह वह अपराधी नहीं है। उन्हें समझाइ, अन्यथा आप द्वारा किया जा रहा नेक कार्य भी खराब हो जाएगा। किसी प्रकार की समस्या हो तो अपने अधिकारियों को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि संभव है लॉकडाउन का समय और बढ़ जाए तो हमें और हार्ड ड्यूटी करनी पड़ सकती है। प्रशिक्षण के समय एएसपी चंद्रप्रकाश शुक्ला, चीफ फायर ऑफिसर अंकुश मित्तल, क्षेत्राधिकारी विनय गौतम एवं कोतवाल अशेषनाथ सिंह उपस्थित थे।