भदौरा में ठंड से बचने के लिए अलाव तापते लोग।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले में ठंड और गलन का कहर जारी है। ठंड इस कदर है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। रविवार होने से बाजारों में और सन्नाटा पसरा दिखा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्यिस पर रहा। जबकि इसी दिन पिछले साल तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर था। ठंड से निजात पाने के लिए लोग अलाव का सहारा लिए रहे। रेलवे और बस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी कम रही। मकर संक्रांति से ही तापमान में गिरावट लगातार जारी है। शाम होते ही जहां नगर के प्रमुख सड़कों से पर चहल पहल कम हो जा रही है तो वहीं दुकानों पर सन्नाटा भी पसर जा रहा है। हालांकि रविवार होने पर वैसे ही बाजार में चहल पहल नहीं रही। ठंड ने लोगों को घरों में ही दुबके रहने को मजबूर किया। सुबह से ही शहर की सड़कों पर कोहरा पड़ता रहा। साथ ही सर्द हवाएं लोगों को कंपकपा रही थीं। राहगीर जहां अलाव देखते वहीं पर रुक कर कुछ देर अपने को गरम करने में कोताही नहीं बरत रहे थे। इतना ही नहीं चाय की दुकानों पर भी लोग चाय की चुस्कियों के बीच बदल रहे मौसम पर चर्चा करते रहे। जबकि बुुजुर्ग और बच्चों को ठंड से बचाने के लिए लोग चौकस रहे। उधर, गेहूं की फसल को लेकर जहां किसान खुश दिखे तो वहीं तीन दिन से पाला अधिक पड़ने से पिछेती आलू की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है, उनका मानना है कि ऐसे में आलू की फसल में झुलसा रोग लग जाएगा और उन्हें इसका खासा नुकसान उठाना पड़ेगा।