चैत्र नवरात्र की महाअष्टमी पर पूजी गईं महागौरी, देवी मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की कतार
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। चैत्र नवरात्र की महाअष्टमी पर बुधवार को महागौरी की आराधना की गई। इसके चलते जिलेभर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुबह से लेकर देर शाम तक सभी मंदिर शेरावाली के जयकारों एवं शंख-घंट की ध्वनि से गूंजते रहे। वहीं घरों में नवमी पूजन के लिए महिलाएं पूरे दिन साफ-सफाई में जुटी रहीं। बुधवार की देर रात को घरों में देवी की पूजा हुई और पूड़ी और अन्य पारंपरिक व्यंजन चढ़ाए गए। पूजा कर महिलाओं ने देवी से सुख-समृद्धि की गुहार लगाई।
चैत्र नवरात्र के पहले दिन से ही चहुंओर शक्ति की आराधना की धूम है। घरों में कलश की स्थापना कर जहां सप्तशती का पाठ किया जा रहा है वहीं देवी मंदिरों में माता के दर्शन-पूजन के लिए भोर से ही श्रद्धालु पहुंचने लग रहे हैं। जगतजननी को फल-फूल, नारियल, चुनरी, धूप-दीप एवं प्रसाद चढ़ाकर सुख-शांति की कामना कर रहे हैं।
शहर के मिश्रबाजार स्थित काली मंदिर, स्टेशन रोड, नवापुरा, सकलेनाबाद, गोराबाजार सहित अन्य देवी मंदिरों में देर शाम तक पूजन-अर्चन का क्रम चलता रहा। गहमर संवाददाता के अनुसार मां कामाख्या की निशा आरती में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भक्तों ने पूजन-अर्चन किया। आरती के बाद मां कामाख्या के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था। देवी मां की आरती का बड़ी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया जा रहा था। मंदिर के महंत आकाश तिवारी ने बताया कि सप्तमी के दिन करीब 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां का दर्शन किया। सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन काफी चुस्त दिखा।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील स्थित मनोकामना देवी, जमालपुर स्थित मां महाकाली मंदिर तथा स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर में सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने मां के दर्शन के लिए दरबार में हाजिरी लगाई। सुहवल संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के रेवतीपुर स्थित मां भगवती के दरबार में श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर उनसे मंगल की कामना की।
करीमुद्दीनपुर संवाददाता के अनुसार मां कष्टहरणी मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से लेकर देर शाम तक भक्त आते रहे। बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार श्रद्धालुओं ने मां चंडी धाम में दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर देवी के जयकारों से गूंज उठा। रामनवमी के अवसर पर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मां चंडी धाम परिसर में उपजिलाधिकारी कासिमाबाद वीरबहादुर यादव एवं अधिशासी अधिकारी एसपी सिंह के नेतृत्व में रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया।
पंडित राहुल बाबा के वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ही रामचरितमानस मानस पाठ का संगीतमय शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही जमानिया, सादात, औड़िहार, कासिमाबाद, बहरियाबाद, करंडा, भीमापार, मरदह, नंदगंज आदि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में भी शक्ति की आराधना की गई।
अखंड दीपों से बनाया गया स्वास्तिक
सुहवल। क्षेत्र के रेवतीपुर स्थित मां भगवती देवी मंदिर को चैत्र नवरात्र में आकर्षक झालरों से सजाया गया है। मंदिर रात में आकर्षक रोशनी से जगमगा रहा है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा अखंड दीपों से आकर्षक तरीके से स्वास्तिक बनाया गया है जो देखते ही बन रहा है। मंदिर के गर्भगृह को विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया गया है। पंचतलीय मंदिर की सजावट देख श्रद्धालु मुग्ध हो जा रहे हैं।