अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायतीराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने बुधवार को आस्तीन चढ़ा ली। प्रांतीय संघ के आह्वान पर विकास भवन परिसर में मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर धरना-प्रदर्शन किया।
धरना सभा की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष रामनगीना सिंह यादव ने कहा कि पंचायतीराज विभाग के अधीन कार्यरत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर जब तक पदोन्नति नहीं की जाएगी तब तक हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि कुछ ग्राम प्रधानों की ओर से उत्पीड़न किया जाता है। व्यक्तिगत काम कराने के लिए दबाव बनाया जाता है।
इसलिए सफाई कर्मचारियों को ग्राम प्रधानों से मुक्त किया जाए। अजय कुशवाहा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण तत्काल किया जाए। विनोद चौधरी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का अंतरजनपदीय स्थानांतरण का आदेश तत्काल निर्गत किया जाए। संजय दुबे ने कहा कि सफाई कर्मियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के महामंत्री काशीनाथ झा ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तरह पंचायतीराज विभाग के कार्यरत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 19 सौ ग्रेड-पे दिया जाए। धरना सभा में महामंत्री ईश्वर यादव, जयप्रकाश यादव, हंसराज कुशवाहा, रियाज खां, अवधेश, संजय, राजनाथ, सत्यप्रकाश, अजय यादव, नरसिंह प्रसाद, धनंजय, शिवकुमार, राजन यादव, प्रेमचंद चौधरी, सिंहासन, धर्मेन्द्र सिंह यादव, दिलीप दुबे, संतोषी, मीना कुशवाहा, दुलारी, फातिमा, पूनम गोस्वामी, मीरा भारद्वाज, अनीत यादव, संगीता यादव, गिरजा यादव, राधा, अनीता, मुन्नी, शांति एवं गुड्डी आदि उपस्थित थीं। सभा का संचालन रोशनलाल ने किया।