गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र में चार दिन पूर्व मतदान के बाद कुसुम्ही खुर्द में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने शनिवार की देर शाम देवकली बस स्टैंड के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया। अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। एक मई को उपनिरीक्षक कृपेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ सिरगिथा पर मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गोली मारने वाले नामजद दोनों आरोपी देवकली बस स्टैंड पर खड़े होकर कहीं भागने के लिए बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने देवकली बस स्टैंड के पास घेराबंदी करके आरोपी राकेश यादव और आशीष यादव निवासी कुसुम्ही खुर्द को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह, कांस्टेबल देवानंद, सचिन सरोज शामिल थे।