नो-ड्यूज के लिए सैदपुर ब्लाक परिसर में कतार में लगे प्रत्याशी एवं मौजूद अन्य लोग।
- फोटो : GHAZIPUR
मौधा। निर्वाचन आयोग ने नो-ड्यूज की बाध्यता खत्म कर दी है। फिर भी सैदपुर ब्लाक परिसर में अदेय प्रमाण पत्र लेने वालों की भीड़ शुक्रवार को लगी रही। मजेदार बात यह रही कि उम्मीदवारों को आयोग के निर्देश की जानकारी दिए जाने के स्थान पर ब्लाक कर्मचारी उन्हें नो-ड्यूज बांटते रहे। सैैदपुर के उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि अगर किसी प्रत्याशी ने अपने नामांकन फार्म में नो-ड्यूज प्रमाण पत्र वाले कॉलम में राइट का निशान नहीं लगाया और न ही नो-ड्यूज प्रमाण पत्र संलग्न किया है तो भी उस प्रत्याशी का नामांकन स्वीकार किया जाएगा। नामांकन फार्म की जांच के वक्त उक्त अधिकारी यह चेक करेंगे कि नामांकन करने वाले का नाम बकाएदार की सूची में तो नहीं है। अगर उसका नाम बकाएदार की सूची में है तो उसका नामांकन फार्म निरस्त कर दिया जाएगा।