सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के नरवा घाट पर शुक्रवार को नहाने के लिए गए युवक ने मित्रों के साथ नाव से गंगा में छलांग लगा दी जिससे वह गहरे पानी में डूब गया। हादसे की जानकारी होते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों की मदद से तलाश शुरु कराई लेकिन उसका पता नहहीं चल सका। गहमर गांव के उत्तर टोला खेलू राय पट्टी निवासी राजू शर्मा (35) अपने साथियों के साथ एक पूजा के कार्यक्रम में नरवा गंगा घाट गया हुआ था। सभी पूजा के लिए नाव से गंगा उस पार गए हुए थे। उधर से लौटते समय सुबह करीब आठ बजे घाट से कुछ दूर पहले ही नहाने के उद्देश्य से नाव से कुछ मित्रों के साथ राजू ने गंगा में छलांग लगा दी। लेकिन वह पानी से बाहर ही नहीं निकला। जबकि उसके साथ के अन्य युवक बाहर निकल आए। इधर युवक को बाहर न देख उसके मित्र शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आस-पास के लोगों की भीड़ गंगा घाट पर लग गई। परिवार के लोग भी रोते-बिलखते घाट पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरु कराई लेकिन उसका पता नहीं चल सका। युवक राजू गांव पर ही रहकर मेहनत मजदूरी करता था। उसके दो बच्चे रितिका, अंशु हैं। उसकी पत्नी ममता देवी एवं मां तारा देवी बिलखते रहे। गहमर कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि युवक राजू शर्मा के डूबने की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी हुई है।