सदर विधानसभा क्षेत्र के लोहिया ग्राम इस्लामाबाद में चौपाल लगाकर प्रदेश के धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र ने समग्र ग्राम विकास के लिए कराए जा रहे कार्यों और योजनाओं की ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने हिदायत दी कि सरकार की महत्वाकांक्षी एवं शीर्ष प्राथमिकता वाली इस योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों में विभाग या संबंधित अधिकारी की ओर से मानक और गुणवत्ता की अनदेखी पाई गई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने संपूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत गांव में अब तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष बनाए गए शौचालयों के मानक एवं गुणवत्ता की जांच की। साथ ही कुल 24 विभागों से जुड़े विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने आंतरिक नालियों, पाइप लाइन, नए हैंडपंपों की स्थापना, बंद पड़े हैंडपंपों को रिबोर कराने, पंचायत घर, विद्युतीकरण, सीसी रोड तथा बिजली के तार और खंभों का कार्य मानक के अनुरूप कराने का निर्देश दिया। जिला समाज कल्याण एवं प्रोबेशन अधिकारी को गांव के सभी पात्रों तक समाजवादी एवं विधवा पेंशन तथा निराश्रित विधवाओं तक पारिवारिक लाभ योजना की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
साथ ही गांव में स्वीकृत ढाई किलोमीटर लंबाई की निर्माणाधीन सड़क का जिलाधिकारी के साथ पूरे गांव में पैदल भ्रमण कर कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, डीसी मनरेगा अनय मिश्र, रामध्यान यादव, संजय कनौजिया, रामधारी यादव, परशुराम बिंद, प्रभुनाथ राम, बुल्लू यादव, पिंटू तिवारी, हरिवंश यादव, बजरंगी यादव, रमेश गुप्त, गोपाल यादव, भरत यादव आदि मौजूद थे।
किसानों को चेक वितरित किया
बर्बाद हुई फसलाें से राहत दिलाने के लिए शासन प्रशासन की ओर से पीड़ित किसानों के आंसू पोंछने का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार को जिले के सदर, कासिमाबाद और जखनिया विधान सभा में आपदा प्रभावित किसानों को चेक का वितरण किया गया। सदर विधान सभा के लोहिया ग्राम इस्लामाबाद में बुधवार को धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र ने कुल 208 किसानों को 627471 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का चेक वितरित किया। भरत यादव, संतोष यादव, जयप्रकाश यादव, हरिनाथ कुशवाहा, रमेश यादव, मुलई बिंद आदि उपस्थित रहे।
सिधागरघाट संवाददाता के अनुसार क्षेत्रीय विधायक शादाब फातिमा ने मुहम्मदपुर कुसुम गांव में जमुना राम, घूरा राम, रमाशंकर, रामजन्म, मुन्ना, श्यामलाल और रामाश्रय समेत 30 लोगों को चेक बाटा गया। दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुब्बा राम ने छह गांव गंगापुर, मिर्जापुर, अमेहता, मोलनापुर, भिखरिया, भगीरथपुर गांव के 300 किसानों को 14 लाख 91 हजार 156 रुपये की सहायता राशि का चेक वितरित किया। उपजिलाधिकारी सत्येंद्र प्रकाश, तहसीलदार ओमप्रकाश, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि छोटू यादव आदि मौजूद रहे।