सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के इंद्रानगर स्थित ननिहाल में तिलक समारोह में शामिल होने आया एक बालक बुधवार की देर शाम लापता हो गया। वह टॉफी खरीदने के पास के दुकान पर गया था लेकिन घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। जमानिया कोतवाली के दरौली गांव निवासी ऋषभ उर्फ लकी मौर्य (10) दादी चमेली देवी के साथ ननिहाल में बीते पांच फरवरी को आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के लिए आया था। वह घर के कुछ बच्चों के साथ खेलने के बाद टॉफी लेने के लिए पास के ही एक दुकान पर गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोग परेशान हो गए। लड़के के दादा शिवनारायण कुशवाहा ने पोते के अपहरण हो जाने की आशंका जताते हुए पुलिस तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि ऋषभ होशियार था। वह लापता नहीं हो सकता। वह घर का मोबाइल नंबर और पता जानता है। ऐसे में उसका अपहरण ही हुआ है। सैदपुर कोतवाल योगेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बालक का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।