भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर कला गांव के बाहर बाढ़ के पानी में डूबने से मंगलवार की दोपहर एक बालक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव पानी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
शेरपुर कला निवासी यश यादव (12) दोपहर करीब एक बजे घर से निकला और बाढ़ का पानी देखने गए थे। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। वहां खड़े लोग जब-तक कुछ कर पाते बालक डूब गया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से बालक को बाहर निकाला गया और मुहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल डाक्टरों ने यश यादव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि यश यादव की पूर्व में ही माता और पिता दोनों की मौत हो गई है। अपने दादी और बड़े भाई एवं छोटी बहन के साथ रहता था। इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि बाढ़ शेरपुर कला गांव के चारों तरफ से घेर लिया है, जिसमें डूबने से एक बालक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।