गाजीपुर। वाराणसी मंडल के औडि़हार-छपरा रेल खंड में पड़ने वाले नंदगंज-तरांव सेक्शन (नौ किमी) के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का मुख्य संरक्षा आयुक्त लखनऊ परिमंडल मोहम्मद लती़फ द्वारा 12 नवंबर को निरीक्षण किया जाएगा। यह जानकारी वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके साथ मुख्य प्रशासनिक निर्माण आरके यादव, मंडल रेल प्रबंधक वीके पंजियार सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मुख्य संरक्षा आयुक्त नंदगंज-तरांव रेल खंड पर दोहरीकरण कार्य के साथ 25000 वोल्ट 50 हर्ट्ज एसी कर्षण द्वारा विद्युतीकरण कार्य का भी निरीक्षण करेंगे जिसके बाद विद्युत लाइन चालू की जाएगी।
बताया कि अपराह्न 14:30 तक संपूर्ण निरीक्षण के बाद विद्युत इंजन से तरांव से नंदगंज स्टेशन तक स्पीड ट्रायल किया जाएगा। स्पीड ट्रायल के दौरान इस क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों से उन्होंने अपील किया कि वे रेलवे ट्रैक से दूर रहें। अपने बच्चों और मवेशियों को रेलवे ट्रैक पर बिलकुल न जाने दें। अब तक इस ट्रैक का निर्माण चल रहा था पहली बार इस ट्रैक पर रेल संरक्षा आयुक्त की ट्रेन चलेगी। इसके बाद यह ट्रैक यातायात के लिए सुलभ हो जाएगा।