जिले के पुलिस विभाग में सम्मन सेल में तैनात मुख्य आरक्षी की शनिवार की रात इलाज के दौरान बीएचयू में मौत हो गई। रविवार को पुलिस लाइन में शव लाया गया। पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि देने के साथ शोक संवेदना व्यक्त की। गार्ड ऑफ आनर देकर अंतिम विदाई दी गई।
गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती गांव निवासी सुरेश चंद्र उपाध्याय मुख्य आरक्षी थे। उनकी वर्तमान तैनाती जनपद में सम्मन सेल में थी। देर शाम उनकी तबीयत अचानक खराब होने से उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बीएचयू रेफर कर दिया। उन्हें पुलिस कर्मियों द्वारा उपचार के लिए बीएचयू ले जाया गया। इधर परिवार के लोग भी बीएचयू पहुंच गए। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोग शव लेकर पुलिस लाइन आए। जहां एसपी ओमवीर सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी और सीओ सिटी गौरव कुमार ने श्रद्धांजलि देकर शोक संवेदना व्यक्त की।