औषधि विक्रेता संघ के पदाधिकारी बिजली कटौती के खिलाफ पत्रक सौंपते हुए। संवाद
मुहम्मदाबाद। बिजली कटौती से मेडिकल स्टोर संचालक परेशान हैं। शुक्रवार को औषधि विक्रेता संघ ने एसडीएम को पत्रक देकर बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष मु. तन्हाई खां ने बताया कि पत्रक में कहा गया है कि बिजली कटौती से संवेदनशील एवं जीवनरक्षक दवाओं की कोल्ड-चेन प्रभावित होने का खतरा बना रहता है। दवाओं के सुरक्षित भंडारण के साथ ही बिलिंग और मरीजों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में भी परेशानी होती है। ज्ञापन में मांग की गई कि मुहम्मदाबाद क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को तत्काल सुचारु कराया जाए तथा अनावश्यक और लंबे समय तक होने वाली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए। संघ ने प्रशासन को दो दिन के भीतर विद्युत व्यवस्था में ठोस सुधार का समय देते हुए कहा कि अपेक्षित सुधार नहीं होने पर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में संघ के महामंत्री खुर्शीद अहमद, उपाध्यक्ष लियाकत हुसैन एवं प्रचार मंत्री शीतल श्रीवास्तव शामिल रहे।