गाजीपुर/सुहवल। प्रदेश में अलीगढ़ समेत कई जिलों में जहरीली शराब के चलते हुई मौतों के बाद शासन के निर्देश पर एसडीएम, पुलिस तथा आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। जिले में 83 अंग्रेजी शराब, 215 देसी और 72 बीयर की दुकानों तथा तीन मॉडल शॉप पर जांच अभियान चलाया गया। इससे दुकान संचालकों में खलबली मच गई। टीम द्वारा ईंट-भठ्ठों पर भी अभियान चलाया गया। दुकानों के अभिलेखों को गहनतापूर्वक देखने के साथ ही सेल्समैनों को सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान संयुक्त टीम के द्वारा बोतलों की कोडिंग भी चेक की गई। दुकानों के आस-पास साफ-सफाई करने और दुकान के सामने गोला बनाकर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बिक्री करने का सख्त निर्देश दिया गया। अधिकारियों की तरफ से दुकान पर मौजूद लोगों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए। निर्देशित किया कि दुकान में सेल्समैन के अलावा कोई भी व्यक्ति अंदर न जाए। रजिस्टर पूरी तरह से मेंटेन रखें। जिस ब्रांड की शराब उपलब्ध है उसी की बिक्री की जाए। चेकिंग अभियान के दौरान शराब विक्रेताओं को मिलावटी शराब न बेचने की हिदायत दी गई। साथ ही चेताया कि मिलावटी शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों पर वैधानिक कार्रवाई होगी। इस चेकिंग अभियान के दौरान सभी संबंधित एसडीएम, थाना प्रभारी, आबकारी अधिकारी शामिल थे। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी वीर अभिमन्यु सिंह ने बताया कि किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार फलने फूलने नहीं दिया जाएगा। इसमें संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।