कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के परजीपाह चट्टी के पास बस में सफर कर रही एक महिला यात्री के पर्स से दो हजार रुपये और सोने का टप्स उचक्कों ने उड़ा दिया। पीड़िता के शोर मचाने पर यात्रियों ने दो महिला उचक्कों को धर-दबोचा और पुलिस को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। चरायां गांव निवासी इंदु निशा स्थानीय बस स्टैंड से रसड़ा जाने के लिए एक निजी बस में बैठीं। बस जैसे परजीपाह चट्टी के पास पहुंची पीड़िता का ध्यान उसके पर्स पर गया तो दो हजार रुपये गायब थे और कान के टप्स भी नहीं थे। इसके बाद वह शोर मचाने लगी। इधर दो महिलाएं बस से उतरने में लगी थी। तब-तक यात्रियों ने उन दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों द्वारा पकड़ी गई दोनों महिला उचक्कों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इधर, पीड़िता ने लिखित तहरीर देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।